रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के नाम पर चल रहे बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ किया है। टीम ने आरटीओ कार्यालय के बाहर दो कारों के भीतर अवैध रूप से वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) और ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) बनाने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सरकारी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी एसटीएफ के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी शनिवार को अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मंडी निदेशालय तिराहे के पास मुखबिर से सूचना मिली कि आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट पर दो कारों में कुछ लोग बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार करने का काम कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि होने पर एसटीएफ ने सिडकुल चौकी पुलिस को मौके पर बुलाया और संयुक्त टीम ने दोनों कारों की घेराबंदी कर दी।
कारों की तलाशी में खुला फर्जीवाड़े का खेल संयुक्त टीम ने मौके से दो व्यक्तियों को पकड़ा। एक कार की चालक सीट पर बैठे आरोपी की पहचान प्रवीण बाछाड़ (निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर) के रूप में हुई, जबकि दूसरी कार में लैपटॉप पर काम कर रहे व्यक्ति ने अपना नाम पंकज कांति सेन (निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) बताया। जब टीम ने दोनों से दस्तावेज तैयार करने का अधिकृत लाइसेंस मांगा, तो वे कोई वैध प्रमाण नहीं दिखा सके।
कारों की तलाशी लेने पर पुलिस को निम्नलिखित सामान बरामद हुआ:
-
प्रवीण की कार से: 55 आरसी और 13 फॉर्म-30।
-
पंकज की कार से: 20 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 6 फॉर्म-30।
-
अन्य उपकरण: एक लैपटॉप, कैनन कंपनी का प्रिंटर, माउस और दस्तावेज तैयार करने से जुड़े अन्य उपकरण।
विभागीय मिलीभगत की जांच तेज पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आम लोगों से आरटीओ के निर्धारित सरकारी शुल्क से काफी अधिक पैसे वसूलकर यह काम करते थे। जांच के दौरान आरटीओ कार्यालय के अंदर से गोपनीय और सरकारी दस्तावेज बाहर उपलब्ध कराने में किच्छा निवासी देवेंद्र नामक व्यक्ति की भूमिका भी सामने आई है।
एसटीएफ ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर बरामद सामान को सील कर दिया है। अब टीम इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि सरकारी दस्तावेज इन आरोपियों तक कैसे पहुंच रहे थे और इस पूरे नेटवर्क में आरटीओ कार्यालय का कोई कर्मचारी शामिल है या नहीं। फरार संदिग्ध देवेंद्र की तलाश में दबिश दी जा रही है।