रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर): रेशमबाड़ी क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू मारकर निर्मम हत्या करने के मामले में रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस ने रिंग रोड के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रिंग रोड के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेशमबाड़ी हत्याकांड का फरार आरोपी शिवम चंद्रा रिंग रोड क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25 वर्ष, पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी) के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पुलिस टीम की कार्रवाई की समीक्षा की।
मामूली विवाद में घर में घुसकर की थी हत्या
रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद उनके भांजे अनुज का रास्ते में बाइक की चाबी निकालने और नशे में हंगामा करने के विरोध को लेकर दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप व उसके साथियों से विवाद हो गया था।
विवाद बढ़ने पर हमलावर पीछा करते हुए लीलाधर के घर में घुस आए और परिजनों पर चाकू से हमला बोल दिया। भांजे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए लीलाधर पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उपचार के दौरान जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस हमले में अनुज, राहुल और रिश्तेदार राम अवतार भी घायल हुए थे।
अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
इस हत्याकांड के संबंध में रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(3), 118(1), 352 और 3(5) में 6 नामजद आरोपियों—विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार शाम किच्छा रोड बगवाड़ा के पास से दो आरोपियों सुभाष राठौर और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में पकड़ा गया शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर इस मामले में गिरफ्तार होने वाला तीसरा आरोपी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
