Tag: Rudrapur

  • रुद्रपुर रेशमबाड़ी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

    रुद्रपुर रेशमबाड़ी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

    रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर): रेशमबाड़ी क्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू मारकर निर्मम हत्या करने के मामले में रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को पुलिस ने रिंग रोड के पास हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    रिंग रोड के पास पुलिस से हुई मुठभेड़
    कोतवाली रुद्रपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेशमबाड़ी हत्याकांड का फरार आरोपी शिवम चंद्रा रिंग रोड क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

    पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर (25 वर्ष, पुत्र पप्पू, निवासी रेशमबाड़ी) के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की और पुलिस टीम की कार्रवाई की समीक्षा की।

    मामूली विवाद में घर में घुसकर की थी हत्या
    रेशमबाड़ी निवासी 50 वर्षीय लीलाधर एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार रात ड्यूटी से लौटने के बाद उनके भांजे अनुज का रास्ते में बाइक की चाबी निकालने और नशे में हंगामा करने के विरोध को लेकर दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप व उसके साथियों से विवाद हो गया था।

    विवाद बढ़ने पर हमलावर पीछा करते हुए लीलाधर के घर में घुस आए और परिजनों पर चाकू से हमला बोल दिया। भांजे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए लीलाधर पर आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे उपचार के दौरान जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई। इस हमले में अनुज, राहुल और रिश्तेदार राम अवतार भी घायल हुए थे।

    अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार, तीन की तलाश जारी
    इस हत्याकांड के संबंध में रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 618/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 191(3), 118(1), 352 और 3(5) में 6 नामजद आरोपियों—विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    इससे पहले पुलिस ने शुक्रवार शाम किच्छा रोड बगवाड़ा के पास से दो आरोपियों सुभाष राठौर और विनोद कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। मुठभेड़ में पकड़ा गया शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर इस मामले में गिरफ्तार होने वाला तीसरा आरोपी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शेष तीन फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

  • रुद्रपुर में पीआरडी जवानों की हुंकार: मांगें न मानी गईं तो विकास भवन के मुख्य गेट पर होगी तालाबंदी, तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी

    रुद्रपुर में पीआरडी जवानों की हुंकार: मांगें न मानी गईं तो विकास भवन के मुख्य गेट पर होगी तालाबंदी, तीसरे दिन भी कार्य बहिष्कार जारी

    रुद्रपुर (उधम सिंह नगर):उत्तराखंड के रुद्रपुर में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों का आंदोलन अब आर-पार की लड़ाई में बदलता जा रहा है। होमगार्ड की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (DA) देने और सालभर यानी 365 दिन नियमित रोजगार सुनिश्चित करने की दो सूत्रीय मांगों को लेकर पीआरडी जवानों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आक्रोशित जवानों ने प्रशासन और सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक शासनादेश जारी नहीं किया गया, तो वे विकास भवन के मुख्य गेट पर तालाबंदी करने को बाध्य होंगे।

    कैबिनेट बैठक में फैसला न होने से भड़का आक्रोशप्रांतीय रक्षक दल हित संगठन के आह्वान पर प्रदेश के सभी 13 जिलों के साथ-साथ रुद्रपुर में भी महिला और पुरुष पीआरडी जवान विकास भवन के मुख्य गेट के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। जवानों का कहना है कि उन्हें उम्मीद थी कि हालिया कैबिनेट बैठक में उनकी मांगों पर मुहर लग जाएगी, लेकिन शासनादेश जारी न होने से उनमें भारी निराशा और आक्रोश है। इसी क्रम में शनिवार शाम को जिला अध्यक्ष सूरज कुमार के नेतृत्व में जवानों ने विकास भवन से लेकर युवा कल्याण केंद्र तक कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

    आर्थिक तंगी और नौकरी की असुरक्षा से जूझ रहे जवान
    धरना स्थल पर मौजूद जवानों ने बताया कि वे आपदा राहत, निर्वाचन (चुनाव), यातायात व्यवस्था और तमाम सरकारी कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय मिलता है और साल के कई महीनों तक ड्यूटी से वंचित रहना पड़ता है। नौकरी की इस अनिश्चितता के कारण उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। जवानों ने नियमित रोजगार और समान वेतन के साथ-साथ वर्दी भत्ता और अन्य मूलभूत सुविधाएं देने की भी मांग उठाई है।

    सरकारी कार्यालयों का कामकाज प्रभावित, विपक्ष का मिला समर्थनपीआरडी जवानों के पूर्ण कार्य बहिष्कार के चलते विकास भवन और कलेक्ट्रेट सहित कई सरकारी विभागों की व्यवस्थाएं और कामकाज सीधे तौर पर प्रभावित होने लगा है। वहीं, इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने धरना स्थल पर पहुंचकर जवानों की समस्याएं सुनीं और फोन के माध्यम से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से उनकी बात कराई, जिन्होंने जवानों की मांगों को उचित ठहराते हुए समर्थन का भरोसा दिया है।