अनुमति के अभाव में ‘महाकौतिक – उत्तराखंड रुद्रपुर महोत्सव 2026’ टला, आयोजकों ने जताया खेद

अनुमति के अभाव में ‘महाकौतिक – उत्तराखंड रुद्रपुर महोत्सव 2026’ टला, आयोजकों ने जताया खेद

रुद्रपुर। शहर में 3 से 9 फरवरी 2026 के बीच आयोजित होने वाला बहुप्रतीक्षित “महाकौतिक – उत्तराखंड रुद्रपुर महोत्सव 2026” फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। आयोजक संस्था ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन इंडिया (रजि.) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि आयोजन स्थल मोदी ग्राउंड और गांधी पार्क के लिए समय पर प्रशासनिक अनुमति न मिल पाने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा।

संस्था के अनुसार, महोत्सव को लेकर बीते तीन महीनों से नगर निगम, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के साथ लगातार पत्राचार और संपर्क किया जा रहा था। कार्यक्रम की रूपरेखा को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष भी प्रस्तुत किया गया था, ताकि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बावजूद इसके, निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक स्वीकृति प्राप्त नहीं हो सकी।

🔗 हाल की पोस्ट पढ़ें:

➡ उड़ान संस्था द्वारा GGUPS स्कूल में क्रिसमस उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न➡ ऊधम सिंह नगर को स्वच्छ बनाने की कवायद तेज, हाईवे किनारे कूड़ा पॉइंट्स पर लगेंगे CCTV कैमरे➡ ठुकराल की तलवार भेंट से बदले सियासी समीकरण, बेहड़ के जन्मदिन समारोह की तस्वीर ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल

संस्था के संस्थापक दीपक पांडे ने बताया कि इस सात दिवसीय महोत्सव में देश के विभिन्न शहरों—दिल्ली, नोएडा, मुंबई, चंडीगढ़, लखनऊ, बरेली समेत उत्तराखंड के कई क्षेत्रों से कलाकारों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित थी। कार्यक्रम का उद्देश्य रुद्रपुर की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता को मंच प्रदान करना था।

उन्होंने कहा कि रुद्रपुर विभिन्न संस्कृतियों का संगम है, जहां अलग-अलग समुदाय के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं। ऐसे आयोजनों से शहर की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिलती है, लेकिन अनुमति न मिल पाना निश्चित रूप से निराशाजनक है।

संस्था ने स्पष्ट किया कि महोत्सव स्थगित करने का निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सहयोग के अभाव के चलते लिया गया है। महोत्सव से जुड़े कलाकारों, स्वयंसेवकों, प्रायोजकों और CSR सहयोगी संस्थाओं को मीडिया के माध्यम से इसकी सूचना दे दी गई है।

आयोजकों का कहना है कि जल्द ही आंतरिक बैठक कर नए स्थल और नई योजना के साथ भविष्य में इस महोत्सव को फिर से आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी। संस्था को उम्मीद है कि आने वाले समय में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा, जिससे रुद्रपुर में सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा मिल सकेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *