#काशीपुर
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर #मणिकांत_मिश्रा ने बुधवार देर रात कोतवाली काशीपुर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्किल काशीपुर एवं सर्किल बाजपुर के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक कर कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा की।
एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक द्वारा समय-समय पर जारी आदेशों एवं निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
आगामी पवित्र #कांवड़_यात्रा सहित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए यातायात प्रबंधन, रात्रिकालीन ड्यूटी, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसएसपी ने गौरा शक्ति एप के अधिकतम प्रचार-प्रसार एवं डाउनलोड सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी, चेकिंग अभियान तथा संवेदनशील, भीड़भाड़ और अपराध संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपराध परिदृश्य, लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की समीक्षा की गई। किसी भी गंभीर अपराध की स्थिति में तत्काल एफएसएल (FSL) यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
धार्मिक स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था, #सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की नियमित जांच और निरंतर निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डायल-112 एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त प्रत्येक सूचना पर तत्काल, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई करने, विशेषकर महिला अपराधों में शून्य सहनशीलता नीति अपनाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए और अधिक सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि जनपद में #कानून_व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास, सुरक्षा और सकारात्मक छवि बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी का दायित्व है।
