पन्तनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत टांडा रेंज के जंगल में एक टस्कर हाथी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीते 72 घंटों में यह हाथी तीन लोगों की जान ले चुका है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ताजा घटना गंगापुर पटिया बीट की है, जहां लकड़ी लेने गई एक महिला को हाथी ने हमला कर मार डाला।
जानकारी के अनुसार, शाह पठानी खत्ते के पास जंगल में तीन महिलाएं लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान एक दांत वाला टस्कर हाथी अचानक उन पर हमला करते हुए दौड़ पड़ा। घबराकर महिलाएं जंगल की ओर भागीं, लेकिन हाथी ने 60 वर्षीय मैना देवी (पत्नी स्वर्गीय बाबूलाल) को पकड़ लिया। हाथी ने उन्हें सूंड से पटककर और पैरों से कुचलकर मौके पर ही मार डाला।
मैना देवी पन्तनगर की झा कॉलोनी की निवासी थीं और उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। घटना के समय उनके साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह जान बचाकर कॉलोनी पहुंचीं और लोगों को सूचना दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी और हाथी वहां से जा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, प्रभागीय वन अधिकारी उमेश चंद्र तिवारी, वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम और पन्तनगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में वनकर्मी और पुलिस बल भी तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि यह पिछले दो दिनों में दूसरी दर्दनाक घटना है। इससे पहले इसी हाथी ने सांप पठानी क्षेत्र में खेत में सो रहे दो लोगों को कुचलकर मार दिया था, जिनमें से एक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और ग्रामीणों में गहरी चिंता देखी जा रही है। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये की सहायता दिलाई। साथ ही, वन्य जीव हमले में मृत्यु पर मिलने वाली सरकारी सहायता राशि 10 लाख रुपये दिलाने का आश्वासन भी दिया।
वन विभाग और प्रशासन की टीमें हाथी की निगरानी में जुटी हैं और लोगों से जंगल क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की जा रही है।
