रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) उत्तराखंड, 31 जनवरी 2025 (जिला सूचना कार्यालय)। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को जिला सभागार में मासिक स्टाफ बैठक लेते हुए लम्बित वादों को त्वरित निस्तारण करने व राजस्व वसूली बढ़ाने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए न्यायालयों में अभियोजन पक्ष द्वारा पैरवी प्रभावी तरीके से रखने के निर्देश दिये ताकि पीड़ितों को न्याय मिल सके। उन्होने कहा कि कानून व्यवस्था बनाये रखने हेतु पुलिस क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी समन्वय बनाकर समय-समय पर रात्रि के समय क्षेत्रों में भ्रमण भी करें। उन्होने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिला अपराध को रोकने हेतु प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। उन्होने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने हेतु उप जिलाधिकारी, एआरटीओ व पुलिस क्षेत्राधिकारी दुर्घटना स्थल चिन्हित कर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
जिलाधिकारी राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे उप जिलाधिकारी व तहसीलदारों के साथ समन्वय स्थापित कर आरसी का मिलान करते हुये वसूली को बढ़ाये व बड़े बकायेदारों से सूची बनाते हुए तहसीलो में लगायी जाये व सख्ती से वसूली की जाये। उन्होने जिन अमीनो द्वारा राजस्व वसूली में ढीलाई बरती जा रही है उनका वेतन रोकने के निर्देश दिये। उन्होने उप निदेशक खनन को निर्देश दिये कि जो मिट्टी खनन की अनुमति दी जाती है उसकी सूचना सम्बन्धित उप जिलाधिकारी को भी अवश्य दे व खनन क्षेत्र का सीमांकन उप जिलाधिरी के नेतृत्व में किया जाये।
डीएम ने कहा कि राजस्व वसूली लक्ष्य को समय से पूर्ण करें। उन्होंने आबकारी अधिकारी को कच्ची शराव व अवैध मदिरा बिक्री पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाने हेतु नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिये। उन्होने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि बैंको के आरसी देयको की वसूली की जाये तथा वसूली चार्ज भी जमा कराना सुनिश्चित करें। उन्होने सीएम हैल्पलाईन, सीएम जन समर्पण पोर्टल में प्राप्त शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुये समय से निस्तारण करें व शिकायतकर्ता से स्वयं वार्ता भी करें। उन्होने आयोग के सन्दर्भो, आडिट आपत्तियो, मजिस्ट्रीय जांच को भी प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश अधिकारियो को दिये। जिलाधिकारी ने ई-वाहनो के चार्जिगं के लिए चार्जिगं स्थल चयनित करने हेतु समिति गठित करते हुए स्थल चयन करने के निर्देश दिये।
बैठक में उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, पंकज उपाध्याय, सीओ निहारिका तोमर, संयुक्त मजिस्ट्रेट आसिमा गोयल, नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, चतर सिंह चैहान, डॉ.अमृता शर्मा, कौस्तुभ मिश्र, रविन्द्र बिष्ट, रविन्द्र जुआठा, ओसी कलैक्ट्रेट गौरव पाण्डे, डीजीसी बरीत सिंह, मनोज तिवारी, उप निदेशक खनन अमित गौरव, अभिहित अधिकारी डॉ0 प्रकाश फुलारा, एआरटीओ विमल पाण्डे, चक्रपाणी मिश्र सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।